जन समाधान दिवस में उमड़ी समस्याएं, डीसी ने 15 दिनों में निष्पादन का दिया अल्टीमेटम
पलामू: जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष रखीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी मामलों का निपटारा 15 दिनों के भीतर हर हाल में किया जाए।
जन समाधान दिवस में हुसैनाबाद वार्ड संख्या-16 के रियाजुद्दीन अंसारी ने घर के रास्ते को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं नीलांबर-पीताम्बरपुर प्रखंड के चौरा गांव के पंचायत समिति सदस्य ने 15वें वित्त आयोग की योजना का भुगतान लंबित रहने और स्थानीय स्तर पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया। इसके अलावा रोजगार उपलब्ध कराने, एनएच-75 निर्माण में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा भुगतान, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति, पेयजल और कल्याण विभाग से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।
कई मामलों में उपायुक्त ने तत्काल संबंधित बीडीओ और सीओ से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
जन समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण, पीएम आवास योजना में अनियमितता समेत कई अहम मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक स्तर पर त्वरित समाधान और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया।





