पांडू प्रखंड कार्यालय में हर शनिवार होगा जन समाधान,बीडीओ रणवीर कुमार ने की घोषणा
पांडू:जिले के पांडू प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड सह अंचल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रणवीर कुमार ने की।बैठक में उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अब प्रत्येक शनिवार को प्रखंड कार्यालय में जन समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी सरकारी योजना, प्रमाण पत्र, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास, मनरेगा अथवा अन्य प्रशासनिक कार्यों से संबंधित समस्या होने पर सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।संबंधित मामलों का यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।बीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करें,ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।बैठक में अप प्रमुख प्रतिनिधि बीरेंद्र चौधरी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रितेश दुबे, प्रभारी प्रधान सहायक अधिकारी, झामुमो किसान मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष हरिवंश सिंह, शफीक अंसारी, कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार तथा पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





