नौडीहा थाना क्षेत्र में महिला का शव मिलने से सनसनी,हत्या या आत्महत्या? पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
नौडीहा (पलामू):नौडीहा थाना क्षेत्र के बकरीडीह गांव निवासी लालो देवी (पति:उमेश यादव) का शव शनिवार सुबह बिहार सीमा के पास मननदोहर और पिछुलिये के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।स्थानीय लोगों के अनुसार,शनिवार सुबह करीब 7 बजे बेलपत्र तोड़ने गए ग्रामीणों ने महिला का शव देखा और इसकी सूचना नौडीहा थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों का आरोप है कि लालो देवी 31 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे घर से निकली थीं,जिसके बाद उनकी हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।उनका कहना है कि शव पर कई चोटों के निशान थे।छाती पर पत्थर से हमला किए जाने,एक पैर टूटे होने तथा कपड़े अस्त-व्यस्त होने के कारण हत्या की आशंका और गहरा गई है।वहीं नौडीहा थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घटनास्थल से सलफास की डिब्बी,रसगुल्ला तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।पुलिस हत्या और आत्महत्या,दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।





