BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एसपी सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और दीपावली-छठ पर विशेष निगरानी के निर्देश


आज दिनांक 05.11.2026 को पुलिस अधीक्षक, पलामू द्वारा Block-B स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओ०पी० प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

* अपराध गोष्ठी के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, प्रभावी गश्ती, बीट पुलिसिंग, जन शिकायतों के समाधान तथा आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान सुदृढ़ एवं शांतिपूर्ण विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए–

1.  अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था 

* जिले में अपराध नियंत्रण हेतु सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें तथा अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

* संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरती जाए। असामाजिक तत्वों एवं शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।

2.  पूर्व से लंबित कांडो की समीक्षा :-

* वर्ष 2026 से पूर्व के लंबित कांडों, विशेष रूप से हत्या, लूट, डकैती, महिला उत्पीड़न एवं NDPS एक्ट से संबंधित कांडों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया।

* वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की से संबंधित लंबित मामलों में फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

3.  गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान एवं अभियोजन 

* अनुसंधान के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान देते हुए साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से संकलन किया जाए।

* आरोप-पत्र एवं अंतिम प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर समर्पित किया जाए।

* न्यायालय में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके।

4.  प्रभावी गश्ती एवं बीट पुलिसिंग 

* सभी थाना क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्ती सुनिश्चित की जाए।

* रात्रि गश्ती, वाहन जांच एवं पैदल गश्ती को और सुदृढ़ किया जाए।

* बीट पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों से संपर्क स्थापित कर स्थानीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करें।

5.  जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन 

* थाना एवं ओ०पी० में आने वाले आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन किया जाए।

* आम जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

* प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनके निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं किया जाए।

6.  आगामी दीपावली पर्व को लेकर विशेष सतर्कता 

* दीपावली के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं प्रमुख प्रतिष्ठानों में विशेष निगरानी रखी जाए।

* पटाखों की बिक्री एवं उपयोग के दौरान निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

* अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती जाए।

* संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं नियमित गश्ती सुनिश्चित की जाए।

7.  छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था 

* सभी छठ घाटों एवं तालाबों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

* खतरनाक एवं गहरे जल वाले घाटों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएं।

* छठ घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं महिला सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाए।

* स्थानीय पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।

8.  आम जनता के साथ बेहतर समन्वय एवं पुलिस की सक्रियता 

* सभी थाना प्रभारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।

* सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसी गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

* पर्व-त्योहार के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

 9. सोशल मीडिया के द्वारा निगरानी को लेकर निर्देश

* सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।

10.  पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा 

* गोष्ठी के दौरान पूर्व की अपराध गोष्ठियों एवं बैठकों में दिए गए निर्देशों तथा निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

* लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा गया। प्रत्येक थाना एवं शाखा स्तर पर अनुपालन की अद्यतन स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

11.  आगामी अपराध गोष्ठी में होगी बिंदुवार समीक्षा 

पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि आज की गोष्ठी में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आगामी अपराध गोष्ठी में प्रत्येक बिंदु के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी तथा अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित स्तर पर जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।