एस पी कपिल चौधरी का कड़ा संदेश: ‘त्योहार में नियमों से समझौता नहीं, नशा कर गाड़ी चलाई तो जाएंगे जेल’
पलामू :मेदिनीनगर दशहरा (दुर्गा पूजा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पलामू पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पलामू अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर शहर तथा आसपास के 15 अलग अलग संवेदनशील व प्रमुख इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
इसी कड़ी में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिंगरा मोड़, पोखराहा चियान्कि ,दुबियाखाड़ सहित कई प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहनों की गहनता से तलाशी ली गई।
मौके पर ही हटवाई गई काली फिल्म, चालकों को अंतिम चेतावनी
जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। चार पहिया वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म को थाना प्रभारी ने मौके पर ही हटवाया और वाहन चालकों को भविष्य में ऐसा न करने की कड़क चेतावनी दी। साथ ही दो पहिया वाहनों पर बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और कागजात की भी जांच की गई।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आमजनों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा:
"दुर्गा पूजा के दौरान सड़कों पर भीड़-भाड़ बढ़ जाती है, ऐसे में सभी नागरिक ट्रैफिक नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नशापान करके वाहन चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शराब पीकर गाड़ी चलाते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किया जा सकता है भारी जुर्माना वसूला जाएगा और जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।
पुलिस की इस त्वरित व सख्त कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप व्याप्त है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस मुस्तैदी का स्वागत किया है।






