पलामू सांसद ने बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने को मांग की
पलामू : पलामू सांसद वीडी राम ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को पत्र लिखकर एवं व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर प्रस्तावित अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा नई रेल लाइन के वर्तमान अलाइनमेंट में संशोधन करते हुए बड़गढ़ एवं भंडरिया प्रखंडों को भी शामिल करने एवं लंबे समय से लंबित बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
सांसद श्री राम ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन को स्वीकृति दिए जाने का निर्णय अत्यंत स्वागतयोग्य है। यह परियोजना पलामू, गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। परंतु प्रस्तावित रेल लाइन के वर्तमान अलाइनमेंट से बड़गढ़ एवं भंडरिया जैसे अत्यंत पिछड़े एवं भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम क्षेत्रों को बाहर रखा गया है। इन क्षेत्रों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस संबंध में व्यापक चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें ज्ञापन दिया हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में दशकों से रेल संपर्क की मांग की जाती रही है, लेकिन वर्तमान अलाइनमेंट में इन्हें शामिल नहीं किए जाने से जनता में भारी आक्रोश है।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा बड़गढ़ एवं भंडरिया को पुनः रेल मार्ग में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन एवं विरोध-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि बड़गढ़ एवं भंडरिया क्षेत्र आज भी सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की दृष्टि से अत्यंत पिछड़े हुए हैं। यदि इन क्षेत्रों को प्रस्तावित रेल लाइन या नया लिंक रेलवे लाइन से जोड़ा जाता है तो यहां के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, कृषि एवं वन उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश एवं उद्योग की संभावनाएं विकसित होंगी तथा क्षेत्र के समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।





