प्रेम प्रसंग में मारपीट के मामले में दो गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
मेदिनीनगर: सदर थाना पुलिस ने मारपीट मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोखराहा खुर्द निवासी विजय कुमार विश्वकर्मा उर्फ जयराज तथा सतबरवा थाना क्षेत्र के खामडीह निवासी अर्जुन विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि 17 मई को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में दोनों अभियुक्तों ने एक युवक के साथ मारपीट की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
इस छापेमारी अभियान में एसआई नबी अंसारी सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे।





