पलामू: जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के सरगड़ा गांव में मां की डांट से नाराज होकर एक युवती द्वारा कीटनाशक दवा पी लेने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान कमलेश राजवार की पुत्री पूनम कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह छोटे भाई को खाना देने के दौरान किसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया था। इससे आहत होकर पूनम ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH), मेदिनीनगर रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी और हैदरनगर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






