BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जनता दरबार में 42 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, डीसी ने अधिकारियों को दिया त्वरित निष्पादन का निर्देश


रामगढ़। आम लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार के माध्यम से फरियादियों की समस्याओं से अवगत हुए। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 42 फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। डीसी ने सभी की फरियाद गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पेंशन से लेकर जमीन विवाद तक की शिकायतें

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, रोजगार, प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, मुआवजा और नाली निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। डीसी ने आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समय-सीमा में समाधान का निर्देश

डीसी ऋतुराज ने अधिकारियों को सभी आवेदनों की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

शिकायतों के निष्पादन की हो रही समीक्षा

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत और न्याय मिल सके।