BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

धनतेरस पर भुरकुंडा कोयलांचल में करोड़ों का कारोबार


भुरकुंडा कोयलांचल, भदानीनगर, बासल सहित आसपास के बाजारो में धनतेरस पर धनलक्ष्मी की खूब वर्षा हुई। कोयलांचल के बाजारों में शुक्रवार को करोड़ों का कारोबार हुआ है। दुकानदारों द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रकार के ऑफर्स दिए गए थे, जिनका लोगों ने जमकर फायदा उठाया। इस दौरान वाहन, जेवर, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, सजावट के सामान और मिठाइयों की जबरदस्त बिक्री हुई। इलेक्ट्रॉनिक सामानों में ब्रांडेड कंपनियों के उत्पादों की विशेष मांग रही। इसमें मुख्य रूप से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, ओवन, मिक्सर ग्राइंडर, अलमारी, गीजर, पंखा, आयरन, बैटरी-इंवेटर और म्यूजिक सिस्टम शामिल थे। इसके साथ ही ग्राहकों ने चांदी के सिक्के और सोने-चांदी के आभूषणों की भी जमकर खरीदारी की। स्थानीय जेवर विक्रेता के संचालकों ने बताया कि चांदी के सिक्कों के साथ-साथ भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की चांदी से बनी प्रतिमाओं की भी बाजार में काफी मांग रही और इनकी खूब बिक्री हुई है। आर्थिक सुस्ती की तमाम आशंकाओं को दरकिनार करते हुए कोयलांचल के बाजारों में करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ। दुकानदारों के चेहरे खिल उठे और ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

बाजारों में आधी रात तक रौनक, सड़कों पर लगा रहा जाम

धनतेरस के शुभ अवसर पर भुरकुंडा बाजार, रीवर साइड, सौंदा डी, सेंट्रल सौंदा, भदानीनगर, और पतरातू क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में सुबह से ही भीड़ जुटने लगी थी, जो देर रात तक जारी रही। शाम ढलते ही भीड़ इतनी बढ़ गई कि सड़कों पर पैर रखने की जगह नहीं बची और कई जगहों पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुकानदारों द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दिए गए विशेष ऑफरों और डिस्काउंट का लोगों ने जमकर फायदा उठाया।

धनतेरस पर दोपहिया वाहनों की बिक्री में आई गिरावट

इस बार धनतेरस के अवसर पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में उम्मीद के मुताबिक तेजी देखने को नहीं मिली। आमतौर पर धनतेरस पर वाहनों की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री होती है, लेकिन इस साल हीरो, होंडा, बजाज, यामाहा और टीवीएस जैसी प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियों की खरीदारी में गिरावट दर्ज की गई है। ​डीलर्स और शोरूम संचालकों के अनुसार, वाहनों की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी थी और धनतेरस के दिन केवल गाड़ियों की डिलीवरी ली जानी थी। इसके बावजूद, शोरूम्स में ग्राहकों की वह चहल-पहल और उत्साह नजर नहीं आया जो बीते वर्षों में देखने को मिलता था।

दीपावली की तैयारियां जोरों पर

धनतेरस की खरीदारी के साथ ही दीपावली पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में मिट्टी के दीये, भगवान की मूर्तियां, पूजा सामग्री, रंग-बिरंगी लाइटें, सजावट के सामान और पटाखों की भी खूब बिक्री हुई। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई, जहां लोगों ने तरह-तरह की मिठाइयों के ऑर्डर दिए।

शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों ग्राहक

धनतेरस के इस पावन पर्व पर खरीदारी करने के लिए भुरकुंडा बाजार में रीवर साइड, सौंदा डी, सेंट्रल सौंदा, भदानीनगर, चिकोर, लपंगा, देवरिया, महुआटोला, पाली, सांकी, मतकमा, कुरसे, बलकुदरा, कुसियारा, चैनगड्डा, उरीमारी, सयाल, बींजा, छापर, बड़कागांव, हेन्देगीर, गिद्दी और बासल सहित विभिन्न इलाकों से हजारों की संख्या में ग्राहक पहुंचे।