BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रजरप्पा के डीएवी पब्लिक स्कूल में दीपावली एवं छठ पूजा की धूम


रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर गुरुवार को विद्यालय में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की I कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के अंग्रेजी भाषण से हुई। इसके पश्चात कक्षा द्वितीय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषणों और गीतों के माध्यम से दीपावली एवं छठ पूजा के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छठ महापर्व पर आधारित मनमोहक नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने छठ पूजा की संपूर्ण परंपरा को जीवंत रूप में मंच पर उतारा। उन्होंने पर्व के प्रथम दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य देने की परंपरा का सुंदर मंचन किया। इसके साथ ही छठ घाट की सजावट, पूजा की तैयारियां, पारंपरिक सूप, फल-फूल, ठेकुआ एवं अन्य प्रसादों की व्यवस्था एवं छठी मैया के प्रति श्रद्धा और भक्ति की भावना को भी अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया। विद्यार्थियों ने पूरे छठ महापर्व की परंपराओं को इतनी सहजता और जीवंतता के साथ प्रस्तुत किया कि उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामाकांत साहू ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, ज्ञान और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला त्योहार है। वहीं छठ महापर्व हमें प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता, आस्था, अनुशासन एवं स्वच्छता का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की प्रेरणा दी और कहा कि हमें अपने परिवार, समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सभी त्योहार प्रेम, एकता और भाईचारे के साथ मनाने चाहिए।