BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई दुकानों से लिए गए नमूने


रामगढ़। दीपावली और अन्य आगामी त्योहारों के दौरान मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को विभाग की टीम ने नया मोड़ और कुजू क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दुकानदारों पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया।

पांच प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह एवं डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में टीम ने होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स और होटल गोविंद साव का निरीक्षण किया। इस दौरान रसगुल्ला, गुलाब जामुन और कलाकंद के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

बिना लाइसेंस संचालन पर जुर्माना

निरीक्षण के दौरान बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित करने और हानिकारक रंगों के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। इस पर दो दुकानों से एक-एक हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा टीम ने बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया और प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को दुकानों एवं रसोई में नियमित साफ-सफाई रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने तथा प्रतिबंधित खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों का भंडारण और उपयोग नहीं करने का सख्त निर्देश दिया। 

अभियान जारी रहेगा

विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए औचक जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।