BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

त्योहारों से पहले मिठाई दुकानों और होटलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश


रामगढ़। दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टायर मोड़ से सुभाष चौक तक विभिन्न मिठाई दुकानों और होटलों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। वहीं, तीन प्रतिष्ठानों से मिठाई के छह नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गए।

टायर मोड़ से सुभाष चौक तक हुई जांच

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में चली जांच टीम ने टायर मोड़ स्थित होटल सैनी, कॉलेज गेट के संतुष्टि स्वीट्स, श्रवण होटल, आरके ढाबा और मिलन होटल का निरीक्षण किया। इसके अलावा ब्लॉक चौक स्थित उमेश स्वीट्स एवं भगवान स्वीट्स, सुभाष चौक के मारवाड़ी होटल, प्रिया स्वीट्स, शालीमार स्वीट्स एवं पूनम स्वीट्स तथा ट्रैकर स्टैंड स्थित विष्णु स्वीट्स, खुशबू स्वीट्स, राज कुमार मुकेश कुमार मिठाई दुकान और दुर्गा होटल की भी जांच की गई।

छह मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे

औचक निरीक्षण के दौरान तीन प्रतिष्ठानों से छह प्रकार की मिठाइयों के नमूने लिए गए। इनमें मारवाड़ी होटल, सुभाष चौक से काजू बर्फी और गोंद के लड्डू, शालीमार स्वीट्स से मिल्क केक और बेसन लड्डू तथा पूनम स्वीट्स से पेड़ा और गोंद के लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।

एक्सपायर्ड सामग्री के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी

निरीक्षण के दौरान दुकानों और होटलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। साथ ही एक्सपायर्ड सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने तथा प्रतिबंधित सामग्री एवं पेय पदार्थों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

त्योहारों तक जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिले में औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। मिठाई दुकानों, होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा के साथ खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी भी शामिल थे।