BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोला में बाइक चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की दो स्प्लेंडर बाइक बरामद


एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी को मिली सफलता, डीवीसी चौक से चोरी हुई थी दोनों बाइक
फोटो02 :
फोटो03 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला थाना क्षेत्र में पिछले 10-15 दिनों से लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों मोटरसाइकिल गोला डीवीसी चौक स्थित सब्जी मंडी से चोरी की गई थी। इस मामले में एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

एसपी के निर्देश पर गठित की गई थी एसआईटी

मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि को गंभीरता से लेते हुए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया था। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के उद्देश्य से कुछ लोग पेटरवार होते हुए रांची की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसआईटी टीम ने चोपादारू संधोय घाटी के समीप चेकिंग अभियान शुरू किया।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, दो गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान पेटरवार की ओर से आ रहे दो मोटरसाइकिल चालकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों मोटरसाइकिल चालकों ने बाइक मोड़कर पुनः पेटरवार की ओर भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए व्यक्तियों में बोकारो जिला अंतर्गत जरंगडीह के खेतको निवासी विकास कुमार नायक उर्फ घुमा (25 वर्ष), पिता शंकर प्रसाद नायक और रांची जिला अंतर्गत बीआईटी मेसरा निवासी फुलेश्वर महतो उर्फ तन्नु (50 वर्ष), पिता स्व. हरिया महतो शामिल हैं।

पूछताछ में नहीं दे सके संतोषजनक जवाब

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस को देखकर भागने के प्रयास और मोटरसाइकिल के कागजात नहीं दिखा पाने के संबंध में भी दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिलों की जांच की गई, जिसमें पता चला कि वे गोला डीवीसी चौक स्थित सब्जी मंडी से चोरी की गई थी। इस संबंध में गोला थाना में पहले से ही कांड संख्या 115/2026, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 एवं कांड संख्या 119/2026, दिनांक 26 अक्टूबर 2026, धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।

दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें एक लाल-काले रंग की और दूसरी काले-सफेद रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में उपस्थापन कराया जा रहा है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, गोला थाना के अवर निरीक्षक अमित कुमार, कुमार प्रभात रंजन, पेटरवार थाना के अवर निरीक्षक सुनील पटेल, गोला थाना के सहायक अवर निरीक्षक बहादुर महतो, दीनानाथ केशरी सहित पुलिस बल एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।