महाष्टमी पर मां दुर्गा की चैतन्य झांकी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिषासुर वध नाट्य प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
जमशेदपुर, कदमा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कदमा शाखा द्वारा आयोजित चार दिवसीय मां दुर्गा की चैतन्य झांकी में महाष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां के दिव्य स्वरूपों के दर्शन, संध्या आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा।
इस अवसर पर शाखा प्रभारी ब्रह्माकुमारी संजू दीदी ने मां महागौरी के आध्यात्मिक गुणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां महागौरी पवित्रता, शांति और निर्मलता की प्रतीक हैं। उनके गुणों को जीवन में अपनाकर मन-वचन-कर्म में शुद्धता और सकारात्मकता लाई जा सकती है।
कार्यक्रम में कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव जी ,समाजसेवी श्री बी. बी. सिन्हा जी ,अजय प्रसाद सिन्हा जी, शशि आचार्या जी, अमृता कुल्ताज जी ,अनीता जी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों ने इस अनूठी पहल और ब्रह्माकुमारी संजू दीदी के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कुमारियों एवं कुमार बच्चों द्वारा प्रस्तुत महिषासुर संग्राम एवं वध का नाट्य रूपांतरण रहा, जिसने बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, काली तथा भगवान कार्तिकेय और गणेश के चैतन्य स्वरूपों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस आयोजन की सफलता में ब्रह्माकुमारी परिवार से जुड़े भाई-बहनों का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। यह झांकी आध्यात्मिक जागृति, पवित्रता और दैवी गुणों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दे रही है।






