ए ला एंग्लाइज स्कूल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, जल संरक्षण की ली गई शपथ
भुरकुंडा। ए ला एंग्लाइज स्कूल में भाषण प्रतियोगिता एवं एकल नाट्य प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों के लिए बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाषण प्रतियोगिता एवं एकल नाट्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात जल संरक्षण दिवस पर विशेष शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए जल संरक्षण की सामुहिक शपथ ली। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य विजयंत कुमार ने कहा कि पुरस्कार केवल उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज बचाई गई जल की एक-एक बूंद आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगी। कार्यक्रम में स्कूल के सचिव डॉ गजाधर महतो प्रभाकर, केजी की प्राचार्या अंजू पटेल, प्रशासक संजय कुमार, उपप्राचार्य धर्मेश सोनी, जयकिशोर प्रसाद महतो, कंचन सोनी, सूरजदेव सिंह सहित स्कूल परिवार शामिल था।






