BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बेहोश हुई महिला अभ्यर्थी को प्रशासन ने दिया सहारा, स्वस्थ होते ही बढ़ाया हौसला


रामगढ़। होमगार्ड बहाली की दौड़ में शामिल होने मैदान पहुंची एक महिला अभ्यर्थी जब अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, तो कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लेकिन जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर तत्काल मेडिकल टीम को सक्रिय किया गया और महिला अभ्यर्थी को मौके पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। उपचार के बाद जब उसकी तबीयत सामान्य हुई, तो अधिकारियों ने उसका हौसला बढ़ाते हुए उसे आगे की परीक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।

अभ्यर्थी को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई

सिद्धू-कान्हू मैदान में चल रही होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान एक महिला अभ्यर्थी अचानक अस्वस्थ होकर बेहोश हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त के निर्देशानुसार गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने तत्काल सक्रियता दिखाई और मौके पर मौजूद मेडिकल टीम से संपर्क कर अभ्यर्थी को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

प्राथमिक उपचार के साथ खानपान का भी रखा ध्यान

मेडिकल टीम ने महिला अभ्यर्थी को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। उसकी विशेष देखभाल करते हुए स्वास्थ्य लाभ के लिए नारियल पानी (डाब), केला और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति सामान्य होने के बाद अधिकारियों ने उससे बातचीत की और उसका मनोबल बढ़ाया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उसे शारीरिक दक्षता परीक्षा के अगले चरणों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

अभ्यर्थियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील प्रशासन

जिला प्रशासन की इस त्वरित पहल की मैदान में मौजूद लोगों ने सराहना की। प्रशासन का यह मानवीय कदम दर्शाता है कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के साथ अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी उसकी प्राथमिकता है।