BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अनुशासन की कदमताल, राष्ट्रभक्ति का संकल्प, रामगढ़ में संघ का भव्य पथ संचलन


रामगढ़। विजयादशमी उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रामगढ़ नगर के तत्वाधान में शुक्रवार की शाम भव्य पथ संचलन निकाला गया। गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। इस दौरान विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन भी किया गया। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता का संदेश प्रमुखता से उभरा।

शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरा पथ संचलन

पथ संचलन फुटबॉल मैदान से प्रारंभ होकर मेन रोड, थाना चौक, गोला रोड, चट्टी बाजार और लोहार टोला होते हुए पुनः फुटबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में स्वयंसेवकों का अनुशासित कदमताल कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज में एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजीत जी ने स्वयंसेवकों से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के ताने-बाने को तोड़ने और देश की एकता को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में समाज को सजग रहकर आपसी एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता है।

राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण का संकल्प

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ। मौके पर जिला संघचालक शत्रुघ्न प्रसाद, नगर संघचालक प्रवीण झा, सुमित, चंदन, अजीत, राजकुमार, खिरोधर, अंकित, पवन, शशि, कुंदन, सन्नी, राजेश, आर्यन, दिव्य प्रकाश, संजय अग्रवाल, तरुण, अनिल, सुधांशु, अनुराग और नितेश सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित थे।