भुरकुंडा संगम माइंस में ब्लास्टिंग के मलबे से न्यू बैरेक के दो लोग जख्मी, प्रबंधन के खिलाफ कॉलोनी वासियों ने की नारेबाजी
भुरकुंडा। सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा परियोजना के संगम खुली खदान में बीएलए आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा गुरुवार को की गई ब्लास्टिंग के दौरान उड़े कोयला व पत्थर के टुकड़ों की चपेट में आने से न्यू बैरेक निवासी प्रेम नायक व आयुष कुमार जख्मी हो गए। वहीं ब्लास्टिंग के कारण राधेश्याम साहू, सन्नी नायक व इन्द्रू गंझू के घरों के करकट की शीटें टूट गईं। घटना के बाद आक्रोशित कॉलोनी वासियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीड़ित परिवारों का कहना है कि कंपनी द्वारा की जा रही ब्लास्टिंग से उड़ने वाले कोयले और पत्थरों के टुकड़ों के कारण हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है। घरों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग रहते हैं, ऐसे में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया अजय पासवान मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई। मौके पर मुखिया ने कहा कि कंपनी द्वारा की जा रही यह भारी ब्लास्टिंग तत्काल प्रभाव से बंद होनी चाहिए। उन्होंने प्रबंधन से कड़े शब्दों में मांग की कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जल्द से जल्द उनके उचित पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय ग्रामीण भय के साये में जीने को मजबूर न हों। मौके पर प्रेमनाथ विश्वकर्मा, मुकेश पांडेय, भुरकुंडा संघर्ष समिति के संरक्षक श्रीनाथ करमाली, उपाध्यक्ष इम्तियाज अहमद, अनिल रजवार, सिकंदर नायक, जितेंद्र नायक, जय सिंह, कुंदन नायक, गीतू देवी, मीनू देवी, शांति देवी, मुंगो देवी, सम्पति देवी, पिंकी देवी, आरती देवी, संजू देवी सहित कई महिला-पुरूष मौजूद थे।






