गोला में जंगली हाथियों का तांडव, तीन ग्रामीणों की मौत से क्षेत्र में दहशत
गोला में जंगली हाथियों का तांडव, तीन ग्रामीणों की मौत से क्षेत्र में दहशत
ईंट भट्ठा मजदूर और वृद्ध सहित तीन की कुचलकर मौत, मुआवजे को लेकर हंगामा
फोटो02 :
फोटो03 :
फोटो04 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़/गोला। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर आतंक मचाते हुए तीन ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और भय का माहौल व्याप्त है। वहीं कई अन्य ग्रामीण भी हमले में घायल हुए हैं। डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि बंदा गांव स्थित ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर हाथियों ने सबसे पहले हमला किया। इस दौरान कुजू निवासी धीरज भुईंया और पतरातू के ताराटांड़ निवासी युगल भुईंया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद हाथियों का झुंड आगे बढ़ते हुए मुरपा गांव पहुंचा, जहां महुआ चुन रहे 74 वर्षीय वृद्ध श्यामदेव साहू को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हाथियों का आतंक यहीं नहीं रुका। सुतरी के धोड़धोड़िया बस्ती में महुआ चुन रही एक महिला को भी हाथी ने पटक दिया, जिससे उसका पैर टूट गया। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए गोला स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वन विभाग ने अंतिम संस्कार के लिए दिए 25 हजार
डीएफओ ने बताया कि मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 25-25 हजार रुपए दिए गए हैं। शेष 3 लाख 75 हजार रुपए की मुआवजा राशि पोस्टमार्टम और एफआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। घायलों का इलाज भी वन विभाग ही करा रहा है।
मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
ईंट भट्ठा पर काम कर रहे मजदूरों की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। वे लोग वन विभाग और प्रशासन के अलावा ईंट भट्ठा मालिक से भी मुआवजे की मांग कर रहे थे। परिजनों ने एक लाख रुपए मुआवजा मांगा था। बाद में ईंट भट्ठा संचालक आकाश द्वारा मृतकों के परिजनों को 40-40 हजार रुपए की सहायता राशि देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।





