BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

उर्दू भाषा के संरक्षण के लिए आगे आएं युवा पीढ़ी, 108 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा


रामगढ़। उर्दू भाषा और तहजीब के संरक्षण तथा नई पीढ़ी में इसके प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से अंजुमन फरोग-ए-उर्दू, रामगढ़ प्रखंड इकाई की ओर से गुरुवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय जरियो में प्रखंड स्तरीय उर्दू प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए 108 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें उर्दू सामान्य ज्ञान और उर्दू सुलेख की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और भाषा पर पकड़ का शानदार प्रदर्शन किया।

तीन आयु वर्गों में आयोजित हुई प्रतियोगिता

प्रतियोगिता प्रभारी इकबाल अहमद की देखरेख और पर्यवेक्षक रमीज-उर-रहमान के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। प्रतिभागियों को तीन वर्गों में बांटा गया था। जूनियर वर्ग में 11 से 14 वर्ष, मिडिल वर्ग में 15 से 18 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 19 से 22 वर्ष तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता

उर्दू सामान्य ज्ञान की सीनियर श्रेणी में नेहा परवीन ने प्रथम, इरम फातिमा ने द्वितीय और नेमत जमील ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मिडिल श्रेणी में फिरदौश अंजुम प्रथम, रानी परवीन द्वितीय और शहाना परवीन तृतीय रहीं। वहीं जूनियर श्रेणी में सना फिरदौश ने प्रथम, तसबीहा फिरदौश ने द्वितीय और मोजाहिद रजा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सुलेख प्रतियोगिता में भी दिखी प्रतिभा

उर्दू सुलेख की सीनियर श्रेणी में सलमा परवीन प्रथम, सायरा मुस्तफा द्वितीय और फिरदौश जहां तृतीय स्थान पर रहीं। मिडिल श्रेणी में शहजादा बेलाल ने प्रथम, मो. साजिद अंसारी ने द्वितीय और हबीबा परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर श्रेणी में मो. अब्दुल्लाह प्रथम, अबू रेहान अंसारी द्वितीय और मेहर परवीन तृतीय स्थान पर रहीं।

18 प्रतिभागियों को जिला स्तर पर मिलेगा सम्मान

अंजुमन फरोग-ए-उर्दू के जिला कमेटी सदस्य सह रामगढ़ प्रखंड प्रभारी इकबाल अहमद ने बताया कि प्रत्येक वर्ग की दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 18 प्रतिभागियों को जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक वर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। वहां चयनित प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

भाषा और संस्कृति की रक्षा करना हमारा कर्तव्य : रमीज-उर-रहमान

जिला कमेटी सदस्य सह प्रखंड पर्यवेक्षक रमीज-उर-रहमान ने कहा कि अपनी भाषा और संस्कृति की रक्षा की जिम्मेदारी हमें स्वयं उठानी होगी। उर्दू हमारी मातृभाषा है और इसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों में उर्दू पढ़ने-लिखने के प्रति रुचि जगाना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वहीं अल फातिमा गर्ल्स हाई स्कूल के प्राचार्य ने लोगों से उर्दू भाषा के संरक्षण और विकास के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और सहयोग से ही इस उद्देश्य को सफल बनाया जा सकता है।

आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता को सफल बनाने में हाजी रईस खान, मुफ्ती इजहार रिजवी, मौलाना मरगूब आलम, मौलाना सरफराज अहमद, कारी इम्तियाज अंबर, सालिक नवाज खान, हीना परवीन, जोया कुरैशी, आफरीन सदा, मुस्कान परवीन, इशरत परवीन, खनिज, कुलसुम और फलक परवीन सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।