BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

“नशामुक्त युवा और नैतिक शिक्षा से ही बनेगा विकसित भारत – प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह का संबोधन”



“नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम – नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता 


“नशे से दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक सोच अपनाएं युवा – बीडीओ आशीष कुमार साहू का

गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल महाविद्यालय में भारत सरकार के 100 सप्ताह संकल्प अभियान के तहत दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित

गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल कॉलेज ने नगर भ्रमण, स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव और रंगोली के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश

छतरपुर (पलामू)। गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल महाविद्यालय, सड़मा में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस के तत्वावधान में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 सप्ताह संकल्प अभियान' के तहत दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने स्वागत भाषण सह विषय प्रवेश करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, संस्कार, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाना भी है।

नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता (चुनमुन) ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, शिक्षा और रोजगार को भी प्रभावित करता है। नगर का वास्तविक विकास सड़क और भवन निर्माण के साथ-साथ शिक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त युवा तैयार करने से होगा। उन्होंने महाविद्यालय की पहल की सराहना करते हुए 100 सप्ताह तक निरंतर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार साहू ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और युवाओं की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में प्रो. अशोक कुमार पाठक ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया। वहीं दीपोत्सव के तहत सामूहिक रूप से दीप जलाए गए तथा छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर उसके माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में संगीत शिक्षा संस्थान के निदेशक रंजन कुमार रवि, गायिका प्रिया वर्मा एवं गायक विक्की पलामू ने अपनी गीत-संगीत प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।

जागरूकता अभियान के तहत महाविद्यालय परिवार ने नगर भ्रमण कर आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशे से दूर रहने की अपील की। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय, सड़मा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने बच्चों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय परिसर में विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया। यहां बीडीओ आशीष कुमार साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, प्रभारी प्राचार्य सहित शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सेल्फी लेकर नशामुक्त भारत का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन पंचम कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस समन्वयक प्रो. राजकिशोर लाल ने किया। आयोजन में महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।