logo

धूमधाम से निकली डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती पर भव्य शोभा यात्रा व प्रभात फेरी


पलामू: भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उंटारी रोड प्रखंड में भव्य शोभा यात्रा एवं प्रभात फेरी का आयोजन बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक सिंह, मुखिया रामबचन राम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रिंकू सिंह, कांग्रेस युवा नेता अरविंद कुमार, समाजसेवी एवं पूर्व जीप प्रत्याशी अजय गुप्ता, पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष रघुवीर चंद्रवंशी, युवा समाज सेवी अमित प्रजापति, कोरील कुमार, तथा एएसआई साधुचरण दास सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई।
इसके पश्चात सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। प्रभात फेरी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए भिटिहारा में संपन्न हुई।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में "जय भीम" के नारों से माहौल गूंज उठा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और शिक्षा का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।