पलामू में बिजली संकट पर भाजपा का प्रदर्शन, विभागीय कार्यालय का घेराव
पलामू : बढ़ी हुई बिजली दरों, अघोषित कटौती, पोस्टपेड मीटर में कथित मनमानी बिलिंग और विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ पलामू भाजपा ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मेदिनीनगर स्थित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसी) कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अमित तिवारी ने कहा कि भीषण गर्मी और लू के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है, वहीं दूसरी ओर पोस्टपेड मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को मनमाने बिल दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता बिल सुधार के लिए विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो भाजपा आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में अरविंद सिंह, भीष्म चौरसिया, अजय सिंह, विश्वजीत पाठक, राजेश सिंह, सुनील तिवारी, सरवन गुप्ता, विजय कुशवाहा, जितेंद्र तिवारी, छोटन सिंह, पंकज शर्मा, शुभम प्रसाद, रूप सिंह, संध्या सिंह, सुमन गुप्ता, मंजू गुप्ता, रूबी सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





