डीसी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
पलामू: उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा एवं जेएसएलपीएस योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार अवलोकन किया गया। वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तहत लंबित मामलों, भू-अर्जन, सरकारी भूमि हस्तांतरण तथा राइस मिल के लिए भूमि उपलब्धता पर चर्चा की गई।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अंतर्गत एनएफएसए के तहत राशन वितरण, धान अधिप्राप्ति भुगतान, ई-केवाईसी एवं ग्रीन कार्ड वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य, शिक्षा एवं परिवार कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी संक्षेप में विचार-विमर्श किया गया।
श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित मजदूरों के निबंधन की स्थिति का आकलन किया गया। वहीं अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के तहत छात्रवृत्ति, वनाधिकार पट्टा एवं सीएमईजीपी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पोषाहार वितरण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, फेस ऑथेंटिकेशन एवं पोषण ट्रैकर की स्थिति की समीक्षा की गई। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तहत खाद की उपलब्धता, पशुधन योजनाएं, कृषि ऋण माफी, पीएम-किसान योजना एवं कोल्ड स्टोरेज निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
पंचायती राज विभाग के तहत 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), चापाकल मरम्मत एवं अन्य जलापूर्ति योजनाओं की स्थिति की जांच की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, एसडीओ छत्तरपुर व हुसैनाबाद, डीआरडीए निदेशक, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं सभी प्रखंडों के बीडीओ-सीओ उपस्थित रहे।





