पलामू: पुलिस ने जमीन कारोबारी नंद कुमार यादव से 1 करोड़ 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जय प्रकाश शुक्ला उर्फ जेपी शुक्ला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को प्राप्त आवेदन के आधार पर शहर थाना में कांड संख्या 133/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ रांची सहित गढ़वा और पलामू के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी पर रांची में सिटी एसपी पर फायरिंग करने, हत्या, हत्या के प्रयास और पुलिस पर गोली चलाने जैसे संगीन आरोप भी शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।






