विद्या मंदिर में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, छात्रों व शिक्षकों को मिला लाभ
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर में मंगलवार को एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोखुल प्रसाद, सीएचओ डॉ. रजनीश, संजय कुमार यादव, राजेश कुमार, दिलीप कुमार, संगीता देवी, बिम्पी कुमारी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य रविकांत पाठक द्वारा संयुक्त भारत माता, ओम, मां शारदे एवं गुरु तेग बहादुर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन कर किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविकांत पाठक ने सभी चिकित्सकों का उत्सर्ग पत्रिका देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में बच्चों ने स्वास्थ्य से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या और संतुलित जीवनशैली अपनाकर हम स्वस्थ रह सकते हैं।
डॉ. गोखुल प्रसाद ने कहा कि आज के समय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बहुत जरूरी है। इस तरह के स्वास्थ्य जांच शिविर से बच्चों और शिक्षकों को अपनी सेहत की सही जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बीमारियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, समय पर जांच और सही इलाज से बड़ी बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने सभी को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और साफ-सफाई अपनाने की सलाह दी।
शिविर में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों की टीम ने बीपी मशीन, स्टेथोस्कोप, वजन मशीन सहित विभिन्न उपकरणों के माध्यम से जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य नंदलाल पांडेय, सुधीर प्रसाद श्रीवास्तव, सत्येंद्र प्रजापति, सुजीत दुबे, नीरज सिंह, दिनेश कुमार, अविनाश कुमार, हिमांशु झा, प्रदीप कुमार गुप्ता, रूपेश कुमार, कृष्ण मुरारी, हृषिकेश तिवारी, बिक्रम प्रसाद, अमन केरकेट्टा, ऋषिकांत तिवारी, ऋतुराज, विवेक सुमन सहित आचार्याओं में नीति कुमारी, आरती श्रीवास्तव, सुप्रिया कुमारी, खुशबू सिंघल, रेनू पाठक, सलोनी कुमारी, तन्वी जोशी, पूर्णिमा कुमारी, अनामिका कुमारी व अदिति कुमारी की अहम भूमिका रही।





