logo

जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के सम्मान


जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के सम्मान में एक गरिमामय धन्यवाद एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही इंटर के शिक्षकों के सम्मान में भी धन्यवाद सह विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्राचार्य डॉ. अमर सिंह एवं वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे एवं इंटर इन चार्ज डॉ स्वाति सोरेन द्वारा इंटर के शिक्षकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया। साथ ही सभी शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

अपने संबोधन में डॉ. अमर सिंह ने कॉलेज में अपने पाँच वर्षों के कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किन विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने प्राचार्य का पदभार ग्रहण किया और संस्थान को वर्तमान मुकाम तक पहुँचाने के दौरान किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही कॉलेज का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सका।

वर्तमान प्राचार्य डॉ. कृष्ण प्यारे ने डॉ. अमर सिंह को बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कॉलेज के वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार रवानी ने कहा कि डॉ. अमर सिंह ने संस्थान में सभी को आगे बढ़ने का अवसर दिया और कार्य की बारीकियों से अवगत कराया। उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सोरेन ने कॉलेज में लाइब्रेरी, थिएटर, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं एलुमनी जैसी पहल के लिए उनका विशेष योगदान बताया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राकेश ने भविष्य में उनके सपनों को साकार करने का संकल्प व्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त सीनेट सदस्य डॉ. अमर कुमार, डॉ. अनुपम, डॉ. रुचिका एवं डॉ. प्रियंका सिंह, दुर्गा तामसोय, चंदन कुमार सहित अन्य ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भावुक वातावरण में उपहार भेंट कर डॉ. अमर सिंह को अश्रुपूर्ण विदाई दी। कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र की अध्यक्ष एवं परीक्षा नियंत्रक  डॉ अंतरा कुमारी एवं धन्यवाद ज्ञापन सीनेट के सदस्य एवं जंतुशास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ अमर कुमार ने किया।

मौके पर डॉ मंगला श्रीवास्तव, डॉ. विष्णु शंकर सिन्हा, डॉ. अनिल कुमार झा, विश्वनाथ, संजय आदि भारी संख्या में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र छात्राएं उपस्थित थे।