logo

पलामू में ‘केरल जोड़ी’ की विदाई, ‘राजस्थान टीम’ के हाथों में कमान


संजय सिंह 
पलामू: झारखंड सरकार द्वारा राज्यभर में 46 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के बाद कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। इसी क्रम में पलामू जिले में भी डीसी और एसपी दोनों पदों पर नई नियुक्ति हुई है। अब जिले की कमान राजस्थान मूल के अधिकारियों के हाथ में आ गई है।
पलामू के नए उपायुक्त (डीसी) के रूप में आईएएस दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में आईपीएस कपिल चौधरी ने शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। दोनों अधिकारी मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं और इससे पहले पलामू में प्रशिक्षण भी पूरा कर चुके हैं।
इससे पूर्व जिले में केरल मूल की प्रशासनिक जोड़ी कार्यरत थी। उपायुक्त के पद पर आईएएस समीरा एस तथा एसपी के पद पर आईपीएस रीष्मा रमेशन तैनात थीं। शुक्रवार रात जारी तबादला आदेश के बाद दोनों अधिकारियों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया।
पदभार संभालने के बाद डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि सभी के सहयोग से पलामू के समग्र विकास को गति दी जाएगी। उन्होंने जल्द ही क्षेत्र का दौरा कर आम जनता की समस्याओं को समझने और समाधान सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं, पूर्व डीसी समीरा एस ने अपने कार्यकाल को ‘टीम पलामू’ की भावना के साथ काम करने वाला बताया। दूसरी ओर, नए एसपी कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया कि जिले में बेहतर पुलिसिंग और मजबूत कानून-व्यवस्था उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपराध और नक्सल गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस प्रशासनिक बदलाव को जिले में नई कार्यशैली और सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।