BREAKING NEWS

logo

रिम्स जमीन अतिक्रमण में बड़ा एक्शन, एसीबी ने मंगलवार को ज़मीन ब्रोकर, पावर अटॉर्नी होल्डर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया


रांची: रिम्स की जमीन अतिक्रमण में बड़ा एक्शन लेते हुए  एसीबी ने  मंगलवार को ज़मीन ब्रोकर, पावर अटॉर्नी होल्डर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें कार्तिक बढाईक, राज किशोर बढाईक, चेतन कुमार और राजेश कुमार झा प्रमुख हैं. गलत तरीके से जमीन खरीद बिक्री करने मामले में संलिप्तता पाए जाने के बाद एसीबी ने यह कार्रवाई की है.  इससे पहले एसीबी कई सीओ समेत कई पदाधिकारियों  को बुलाकर पूछताछ कर चुकी है.

झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर एसीबी ने मामला दर्ज किया था 

रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण मामले में एसीबी ने पांच जनवरी को प्राथमिकी  दर्ज कर थी.  न्यायालय के आदेश के आलोक में मंत्रिमंडल निगरानी एवं सचिवालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण मामले में पांच जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की. जिनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनमें राजेंद्र आयुर्विग्यान संस्थान  (रिम्स) रांची प्रबंधन, राजस्व कार्यालय रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय रांची, रियल इस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (रेरा), रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) के पदाधिकारियों, कर्मियों और बड़ गाई अंचल के कर्मी व अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं. अब एसीबी रिम्स की जमीन का निबंधन करने वाले, म्यूटेशन करने वाले अधिकारियों, कर्मियों, उक्त जमीन पर अपार्टमेंट खड़ी करने वाले बिल्डर, जमीन माफिया आदि के खिलाफ अपनी जांच तेज करेगी.  जांच में चिह्नित सरकारी अधिकारियों-कर्मियों के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भी जांच होगी.

अवैध अतिक्रमण को हाल ही में हाई कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने हटाया था

झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद रिम्स की जमीन पर बने चार मंजिले मकान व अन्य अवैध अतिक्रमण को हाल ही में प्रशासन ने हटाया है. जिन मकान, अपार्टमेंट को तोड़ा गया है उनके मालिकों के नाम से निबंधन भी हुआ था, उसका दाखिल खारिज भी हो गया था और बैंक से ऋण लेकर लोगों ने अपना घर, मकान बनवाया था.