logo

गढ़वा में गूंजा हरियाली का संदेश: एनवायरनमेंटल सर्विस वीक पर निकली जागरूकता रैली


गढ़वा:एनवायरनमेंटल सर्विस वीक के अवसर पर रविवार को गढ़वा शहर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का संयुक्त रूप से संचालन लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम, लायंस क्लब ऑफ गढ़वा विशाल, लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ग्रीन, लायंस क्लब ऑफ गढ़वा सिटी एवं लियो क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम द्वारा किया गया।
रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वस्थ व हरित वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक करना था। रैली में शामिल लोगों ने हाथों में विभिन्न संदेशों से लिखे प्लेकार्ड लिए हुए थे और पेड़ लगाने, प्रदूषण नियंत्रण तथा सतत जीवनशैली अपनाने को लेकर जोरदार नारे लगाए।
कार्यक्रम में सभी क्लबों के सदस्यों ने उत्साह और एकजुटता के साथ भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर लायंस देवानंद शर्मा, लायंस डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह, लायंस डॉ. सुशील कुमार एवं लायंस उमेश अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।