BREAKING NEWS

logo

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सपरिवार पहुंची रजरप्पा, मां छिन्नमस्तिका की पूजा कर मांगी समृद्धि


दुकानदारों की समस्याएं सुनीं, संतुलित समाधान का दिया आश्वासन

रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सोमवार को अपने परिजनों के साथ रजरप्पा मंदिर पहुंची। इस दौरान उन्होंने मां छिन्नमस्तिका की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी असीम पंडा द्वारा पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद मंत्री ने सूर्य मंदिर, दक्षिणेश्वरी काली मंदिर एवं अष्ट मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के बाद मंत्री प्रशासनिक भवन पहुंची, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान दुकानदारों ने बंदा मुखिया कुलदीप साव के नेतृत्व में अपनी समस्याएं रखते हुए प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इस विषय पर स्थानीय विधायक ममता देवी से बातचीत कर संतुलित समाधान निकालने का प्रयास करेंगी, ताकि किसी भी वर्ग को अनावश्यक परेशानी न हो। मंत्री ने कहा कि रजरप्पा मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य जारी है और भविष्य में और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्री के आगमन पर डीपीआरओ निशा सिंह, चितरपुर बीडीओ दीपक मिंज एवं गोला बीडीओ डॉ. सुधा वर्मा ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री की मां प्रतिभा पांडेय, उनके परिजन एवं समाजसेवी अमित कुमार सिन्हा सहित कई लोग उपस्थित थे।