शादी की सालगिरह पर दंपति ने बुजुर्गों के साथ बांटी खुशियां, पेश की मिसाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): अनुमंडल क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी चिकित्सा सहायक लव कुमार और उनकी पत्नी ऋचा गुप्ता ने अपनी शादी की पहली वर्षगांठ को खास अंदाज में मनाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। दंपति ने इस मौके पर किसी भव्य आयोजन की जगह स्थानीय वृद्धा आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटी।
इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को फल, मिठाई, राशन सामग्री और जरूरी सामान वितरित किया। साथ ही उनके साथ समय बिताया, बातचीत की और उनका आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों के साथ बिताए गए ये पल दंपति के लिए भावुक और संतोष देने वाले रहे।
लव कुमार ने कहा कि आजकल लोग अपनी खुशियां बड़े स्तर पर मनाते हैं, लेकिन अगर इन्हें जरूरतमंद लोगों के साथ साझा किया जाए तो उसका महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं, जिनकी सेवा और सम्मान करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
वहीं ऋचा गुप्ता ने कहा कि खास मौकों को समाज सेवा से जोड़ना एक सकारात्मक सोच है। इससे न केवल जरूरतमंदों को मदद मिलती है, बल्कि मन को भी सच्ची खुशी मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने खास दिनों को सामाजिक कार्यों से जोड़कर समाज में अच्छा संदेश दें।





