BREAKING NEWS

logo

शिक्षकों की सेवा संपुष्टि पर समीक्षा, अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश


मेदिनीनगर: पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिक्षा विभाग के अंतर्गत शिक्षकों की सेवा संपुष्टि से संबंधित स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2023 में नियुक्त 253 टीजीटी शिक्षकों की सेवा में तीन वर्ष पूर्ण होने के उपरांत उनकी सेवा संपुष्टि के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त  ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से शिक्षकों की सेवा पुस्तिका से जुड़े सभी बिंदुओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी शिक्षकों के सेवा अभिलेख अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखे जाएं। उन्होंने कहा कि सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमसंगत होनी चाहिए, ताकि शिक्षकों को समय पर वैधानिक लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान शिक्षकों की नियुक्ति, योगदान तिथि, शैक्षणिक योग्यता, सेवा अभिलेखों की सत्यता सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।