BREAKING NEWS

logo

पलामू में ब्लैक शीशों पर सख्ती,राजू तिर्की के वाहन समेत कई वाहनों पर पुलिस की गिरी गाज


पलामू: जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत चार पहिया वाहनों में लगे अवैध काले (ब्लैक) शीशों को हटाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी राजेश यादव एवं टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कई वाहनों की जांच की गई। जिन वाहनों में काले शीशे पाए गए, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

इसी दौरान एक वाहन की जांच के क्रम में उसमें लगे ब्लैक शीशे को भी पुलिस ने हटवाया और चालक को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी एसडीपीओ, थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाने और छोटे-बड़े सभी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।