BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन को कोयला मंत्रालय से 2024-25 के लिए प्रतिष्ठित फाइव-स्टार अचीवर अवॉर्ड


रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रांची, वेस्ट बोकारो : टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन को रायपुर में कोयला मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्टार रेटिंग ऑफ कोल एंड लिग्नाइट माइंस’ पुरस्कार के तहत फाइव स्टार एचीवर अवार्ड से नवाजा गया है। समारोह में प्रतिष्ठित ‘फाइव-स्टार अचीवर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। डिवीजन की साउथ ईस्टर्न ब्लॉक क्वैरी को आकलन वर्ष 2024-25 के लिए ओपनकास्ट माइंस श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने प्रदान किया। इस अवसर पर टाटा स्टील और कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पुरस्कार की श्रेणी में ओपनकास्ट, अंडरग्राउंड और मिक्स्ड माइंस श्रेणियों में कुल 382 माइंस कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें से केवल 50 माइंस ही प्रतिष्ठित फाइव-स्टार रेटिंग हासिल करने में सफल रहीं। वेस्ट बोकारो डिवीजन के जनरल मैनेजर मुकेश रंजन ने कहा, "इस सम्मान को प्राप्त कर हमें बेहद गर्व है। यह उपलब्धि हमारी टीमों की सामूहिक प्रतिबद्धता और समर्पण को दर्शाती है। परिचालन उत्कृष्टता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक विकास पर हमारा निरंतर ध्यान हमें एक जिम्मेदार खनन संगठन के रूप में अलग पहचान देता है और बेहतर प्रदर्शन के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करता है।"
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली उन खदानों को सम्मानित करती है, जो सुरक्षा, वैज्ञानिक खनन पद्धतियों, पर्यावरण प्रबंधन, तकनीक के उपयोग, सतत विकास और समग्र परिचालन प्रदर्शन के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्रदर्शित करती हैं। इस पहल का उद्देश्य भारतीय खनन क्षेत्र में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और निरंतर सुधार को बढ़ावा देना है।