लोकतंत्र की मर्यादाओं की रक्षा के लिए मतदाताओं के बीच जा रही भाजपा : रविंद्र राय।
उदय किशोर सिंह संवाददाता,
जामताड़ा।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रविंद्र राय मंगलवार को जामताड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के उपरांत रविंद्र राय ने प्रेस वार्ता कर विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी और कांग्रेस सहित झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला।
प्रेस वार्ता में रविंद्र राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभर में मतदाताओं के बीच पहुंचकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा का सम्मान जरूरी है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल से ही चली आ रही है। इसके बावजूद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल ईवीएम, वोट चोरी तथा वोट ट्रांसफर जैसे मुद्दों को लेकर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस या उसके गठबंधन की सरकार है, वहां इस तरह के सवाल नहीं उठाए जाते हैं।
वहीं झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए रविंद्र राय ने कहा कि राज्य में वोट बैंक की राजनीति करने वाले लोग सत्ता में बैठे हैं। उन्हें झारखंड के विकास और यहां की जनता की समस्याओं से कोई विशेष सरोकार नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड के विकास को प्राथमिकता देने के बजाय राजनीतिक हितों को साधने पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा के लोकतंत्र बचाओ अभियान के उद्देश्यों को भी सामने रखा। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह बी एल ए वन हरि मोहन मिश्रा, भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता, कमलेश मंडल, मनीष कुमार दुबे, आभा आर्या, अभय सिंह, अबिता हांसदा आदि उपस्थित थे।






