टाटीसिलवे डोल मेला में अनियंत्रित कार ने मचाया कहर, दो की मौत, एक दर्जन हुए घायल
अनगड़ा । टाटीसिलवे के ऐतिहासिक नवमी डोल मेला में शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे उस समय अफरा तफरी का माहौल हो गया जब एक तेज गति वाली अनियंत्रित कार (JH 05CP 4627) ने सड़क किनारे मेला घूम रहे दर्जनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया । इस हृदय विदारक भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई । जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए । मृतकों की पहचान भोला शर्मा 65 वर्ष निवासी ग्राम मासु अनगड़ा और रीमा कुमारी 22 वर्ष, मिलन चौक अनगड़ा के रूप में हुई है इस अप्रत्यासित हादसे के बाद मेला परिसर में चीख-पुकार मच गई । उस वक्त ड्यूटी पर तैनात एएसआई रवि कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया । जहां उक्त दो लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया । वहीं गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को रिम्स रेफर किया गया है । घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर बैंक मोड़ चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई ।परिजनों ने उठाए मृतक के परिजनों ने मेला संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मेला दो दिनों का ही था, तो इसे तीसरे दिन तक क्यों विस्तार दिया गया. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने उग्र भीड़ को समझाने का प्रयास किया । प्रशासन के आदेश पर मेला तत्काल बंद करा दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है घायलों में पप्पू साव, सुलोचना देवी, रश्मि कुमारी, पूनम कुमारी, अरुणा एक्का, तारा देवी, रोशनी कुमारी, मोनिका देवी, आयुष 05 वर्ष अंशिका 07 वर्ष लोखन मंडल और निशु लकड़ा का इलाज चल रहा है ।





