BREAKING NEWS

logo

मुख्यमंत्री स्टालिन ने विश्व महिला शिखर सम्मेलन का किया उद्घाटन



चेन्नई:  नंदंबक्कम स्थित ट्रेड सेंटर में दो दिन के विश्व महिला शिखर सम्मेलन का मंगलवार काे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने उच्च पदाें पर भी पुरुषाें के बराबर महिलाओं की भागीदारी हाेने काे जरूरी बताते हुए कहा कि महिलाएं ही समाज की रीढ़ हैं। सम्मेलन में मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के समान आगे आना चाहिए। उच्च पदों पर भी पुरुषों के बराबर महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए। 


केवल महिलाओं के अधिक संख्या में काम पर जाने से संतुष्ट नहीं होना चाहिए। महिलाएं ही समाज की रीढ़ हैं। जनसंख्या का आधा हिस्सा होने के बावजूद यदि महिलाएं आगे नहीं बढ़ेंगी तो कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता। उन्हाेंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं की उन्नति के लिए कई योजनाएं शुरू कीं हैं। संपत्ति में महिलाओं को अधिकार, पुलिस विभाग में महिलाओं की नियुक्ति जैसे अनेक उदाहरण दिए जा सकते हैं।


उन्हाेंने कहा कि द्रविड़ मॉडल शासन में भी अब तक की तुलना में अधिक योजनाएं लागू की गई हैं। इनमें प्रमुख है नि:शुल्क ‘विडियल’ बस यात्रा योजना, जिससे बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है। पुदुमै पेन योजना के माध्यम से कॉलेज आने वाली छात्राओं की संख्या में वृद्धि हुई है। कई स्थानों पर थोझी छात्रावास खोले गए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमियों की संख्या भी बढ़ी है।


मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि 1.30 लाख परिवारों की महिला मुखियाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए भी कई योजनाएं शुरू की गई हैं। गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण योजना लागू की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘कावलन हेल्प ऐप’ शुरू किया गया है। उन्हाेंने कहा कि विश्व महिला शिखर सम्मेलन में तमिलनाडु की महिलाओं को मैं यह आश्वासन देता हूं कि मेरी सरकार महिलाओं के लिए रोजगार, प्रगति और सुरक्षा के लिए मजबूत ढांचा तैयार करेगी।