जयपुर, प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद बीकानेर संभाग, जयपुर संभाग, अजमेर संभाग तथा जोधपुर संभाग के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार सुबह से राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में तेज हवा चल रही हैं और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक असर 18 फरवरी को देखने को मिलेगा, जब कई क्षेत्रों में मौसम ज्यादा प्रभावित रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप निकली। सिरोही, हनुमानगढ़ और बारां को छोड़कर शेष सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव बना रहेगा। कोटा संभाग, उदयपुर संभाग और भरतपुर संभाग सहित बीकानेर, जयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि 18 फरवरी को इस सिस्टम का प्रभाव चरम पर रहेगा, जबकि 19 फरवरी से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।
राजस्थान में बदलेगा मौसम, 13 जिलों में अलर्ट, बारिश-ओलों की चेतावनी





