नई
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में
नई सरकार के भव्य और दिव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर
ली गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता आज
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर में होगा। भाजपा नेता
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले सुषमा
स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
50
वर्षीय रेखा गुप्ता ने विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट पर आम आदमी
पार्टी उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक मतों से हराया था।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में 19 फरवरी की शाम केंद्रीय पर्यवेक्षकों
की मौजूदगी में आमराय से भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद
उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। वह पहली बार विधायक बनीं हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुने जाने
पर बधाई दी।
विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीयमंत्री
रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को आमराय से विधायक दल का नेता
चुना गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश
धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। भाजपा विधायक दल का नेता
चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने रविशंकर प्रसाद, ओमप्रकाश धनखड़ और दिल्ली
भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा व अन्य नेताओं के साथ उपराज्यपाल वीके
सक्सेना से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
देररात
उपराज्यपाल सक्सेना की तरफ से एक्स पोस्ट में कहा गया कि रेखा गुप्ता का
दावा स्वीकार करते हुए उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के शासन पर
विराम लगाते हुए दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है।
प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन
शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में
हिस्सा लेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों समेत करीब 50,000 लोगों के शपथ ग्रहण
समारोह में हिस्सा लेने की संभावना है। रामलीला मैदान में होने वाले शपथ
ग्रहण समारोह के लिए राजधानी के मध्य, उत्तर और नई दिल्ली क्षेत्र में
25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। रेखा गुप्ता अब तृणमूल
कांग्रेस नेता ममता बनर्जी के बाद देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
रेखा
गुप्ता का जन्म हरियाणा में हुआ है। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से
जुड़ी रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी रही हैं।
वह दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि स्नातक हैं। विधायक दल की बैठक में भाजपा
के वरिष्ठ नेता प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने रेखा
गुप्ता के नाम का प्रस्ताव किया। बैठक में पार्टी के सभी 48 विधायक मौजूद
रहे।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के
प्रत्येक नागरिक के कल्याण, सशक्तीकरण और समग्र विकास के लिए पूरी
ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगी। रेखा गुप्ता ने एक्स पर
कहा, ''मैं दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय
से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस भरोसे और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और नई
प्रेरणा दी है। रेखा गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं।
भाजपा की रेखा गुप्ता आज संभालेंगी दिल्ली की बागडोर, रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
