मां दुर्गा की भक्ति से मिलती है शक्ति : सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय
पनेरी बांध में शिव शक्ति दुर्गा पूजा समिति के कार्यालय का भव्य उद्घाटन
चैनपुर (पनेरी बांध)। गणेश चतुर्थी एवं हरितालिका तीज के पावन अवसर पर चैनपुर प्रखंड अंतर्गत झरीवा पंचायत के ग्राम पनेरी बांध में शिव शक्ति दुर्गा पूजा समिति कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय एवं चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
धार्मिक आयोजन से बढ़ता है आपसी भाईचारा : भोला पांडेय
उद्घाटन समारोह के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय ने कहा कि “मां जगत जननी की भक्ति से शक्ति मिलती है।” धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-पर्व हमारी संस्कृति और आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता, आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने शिव शक्ति दुर्गा पूजा समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पूजा-पर्व का आयोजन श्रद्धा, समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने समिति के सदस्यों को आगामी दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
वहीं, चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी, हरितालिका तीज एवं आगामी दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश देते हैं। सभी लोग पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाएं।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित मुखिया पति दिनेश पासवान पूर्व मुखिया विश्वनाथ राम अखिलेश पाठक सरवन सोनी प्रवीन पाठक समाज सेवी विनेस प्रसाद अनिल शर्मा अमित अग्रवाल शेखर पाठक विकास पाठक पप्पू बैठा देवमणि कुमार तथा शिव शक्ति दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं ग्राम पनेरी बांध के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का आयोजन भक्तिमय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

