पलामू, 25 अप्रैल । झारखंड के पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत कधवन गांव में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां स्कूली बच्चों को बस में बैठा रहे एक हेल्पर को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में राहत की बात यह रही कि स्कूल के बच्चे सुरक्षित बच गए।
मृतक की पहचान रेहला निवासी 60 वर्षीय नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। वह पिछले 7–8 वर्षों से स्कूल बस में हेल्पर के रूप में कार्यरत थे और बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस में बैठाने का काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह स्कूल बस कधवन गांव में खड़ी थी और बच्चे उसमें चढ़ रहे थे। नूर मोहम्मद बच्चों को बस में बैठाने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आया एक हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर बस को टक्कर मारते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलने पर रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला। इसके बाद यातायात बाधित हो गया था, जिसे वाहनों को हटाकर सामान्य किया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक जाम की स्थिति भी बनी रही।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल नूर मोहम्मद को तुरंत एमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। परिजनों ने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

