चंडीगढ़, । पंजाब के होशियारपुर में बीती रात एलपीजी सिलेंडर से भरे टैंकर में धमाका होने से 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 28 घायल हो गए। टैंकर में धमाके से लगी आग के कारण आसपास की एक दर्जन से अधिक दुकानें तथा चार मकान जलकर नष्ट हो गए। हादसा होशियारपुर के गांव मंडियाला के निकट शुक्रवार की रात हुआ। घटना के बाद शनिवार सुबह स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित कर ली गई है। जिला उपायुक्त आशिका जैन ने अस्पताल में उपचाराधीन लोगों का हालचाल पूछा है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मंडियाला गांव में रात करीब साढ़े 10 बजे यह धमाका हुआ। ग्रामीणों के सूचना देते ही पुलिस-प्रशासन बचाव में जुट गया। जालंधर-होशियारपुर नेशनल हाईवे पर गांव से एक किलोमीटर पहले ट्रैफिक रोक दिया गया। आग बुझाने के लिए होशियारपुर, दसूहा और तलवाड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। हाईवे पर करीब एक किलोमीटर का एरिया खाली करा लिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह मौके पर पहुंचे।
होशियापुर की उपायुक्त आशिका जैन ने बताया कि रात डेढ़ बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।
होशियारपुर के सिविल सर्जन पवन कुमार के मुताबिक दो लोगों को देर रात मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। 22 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। गंभीर रूप से झुलसे कई मरीजों को होशियारपुर से रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार जिस जगह पर यह धमाका हुआ है, उसके कुछ दूरी पर ही गैस गोदाम था। संयोग से आग की लपटें वहां तक नहीं पहुंची। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
पंजाब: एलपीजी सिलेंडर से भरे टैंकर धमाके में 2 लोगों की मौत, 28 घायल
