पूर्वी
सिंहभूम: झारखंड राज्य स्वर्ग की तरह सुंदर है, राज्य
के पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थित पुटका पोटका का पहाड़ भांगा की प्राकृतिक
छटा सैलानियों को मानसिक सुकून और आनंद से भर देता है। लेकिन इस जगह के
विकास को लेकर सरकार की ओर से अनदेखी की जा रही है।
पर्यटकों का कहना है कि भांगा पहाड़
की सबसे बड़ी खासियत यहां की असीम शांति है। यहां न तो शोरगुल है और न ही
व्यावसायिक चकाचौंध, बल्कि प्रकृति अपने असली रूप में मौजूद है। कई लोग इसे
मानसिक तनाव से मुक्ति पाने के लिए एक आदर्श स्थान मानते हैं।
यहां का
वातावरण इतना शांत और प्रदूषण रहित है कि कुछ समय बिताने भर से ही मन और तन
दोनों तरोताज़ा हो जाते हैं। यहां पहाड़ की ओट में बैठकर बहती नदी को
निहारना और हरियाली से भरे नज़ारों को कैमरे में कैद करना पर्यटकों को खासा
पसंद आता है। परिवार, दोस्तों और बच्चों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यह
स्थान पूरी तरह सुरक्षित और उपयुक्त माना जाता है।
अब पहाड़ भांगा
की पहचान सिर्फ स्थानीय इलाके तक सीमित नहीं रह गई है। सप्ताहांत और
छुट्टियों के दिनों में यहां झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम
बंगाल, ओडिशा और बिहार से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
खासकर
मानसून और सर्दियों के मौसम में यहां की प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर
होती है, जब पहाड़ हरियाली से ढक जाते हैं और नदी का जलस्तर बढ़ने से
नज़ारा और भी मनमोहक हो जाता है।

