BREAKING NEWS

logo

इस्कॉन कोलकाता से दो करोड़ की ठगी मामले में पुस्तक आपूर्तिकर्ता गिरफ्तार



कोलकाता,। कोलकाता पुलिस ने सोमवार को इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) से जुड़े करीब दो करोड़ की ठगी मामले में एक पुस्तक आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया। यह धोखाधड़ी धार्मिक पुस्तकों की आपूर्ति से संबंधित थी, जो लगभग छह वर्ष पहले हुई थी।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपित की पहचान देवराज भट्टाचार्य के रूप में हुई है। उसे गिरिश पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह फिलहाल 18 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि, भट्टाचार्य पर आरोप है कि उसने इस्कॉन कोलकाता द्वारा ऑर्डर की गई पुस्तकों की अपेक्षा कम आपूर्ति की और शेष राशि के लिए फर्जी बिल जमा कर संगठन से भुगतान हासिल कर लिया। इस तरह उसने करीब दो करोड़ रुपये की रकम हड़प ली।

मामले का खुलासा इस्कॉन के आंतरिक ऑडिट के दौरान हुआ था, जिसके बाद 2019 में शेक्सपियर सरणी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में भट्टाचार्य और उसके एक सहयोगी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था।

शिकायत दर्ज होते ही आरोपित फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया और बाद में अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। पुलिस को हाल में सूचना मिली कि आरोपिक शहर लौटा है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से पूछताछ के दौरान अन्य संबंधित लोगों की संलिप्तता का भी खुलासा होने की संभावना है।

गौरतलब है कि, इस्कॉन एक धार्मिक संगठन है जो गौड़ीय वैष्णव परंपरा का पालन करता है और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति को सर्वोच्च मानता है। इसका आध्यात्मिक और प्रशासनिक मुख्यालय पश्चिम बंगाल के नदिया जिले स्थित मायापुर में है।-----