BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मोबाइल की लत के दुष्प्रभावों पर ग्रीन प्लेटो पब्लिक स्कूल ने किया नुक्कड़ नाटक


रांची: मोबाइल फोन आज जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसका अत्यधिक उपयोग बच्चों और युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। इसी विषय को लेकर ग्रीन प्लेटो पब्लिक स्कूल, बालू, कांके की ओर से जन-जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'मोबाइल की लत (Mobile Addiction)' रहा।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए उन्होंने मोबाइल का सीमित और सही उपयोग करने, पढ़ाई एवं खेलकूद पर ध्यान देने तथा परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताने का संदेश दिया।

यह जागरूकता अभियान चंदवे चौक, कुम्हरिया चौक, हुसीर चौक और पिठोरिया चौक सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित किया गया। इन स्थानों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति के माध्यम से आम नागरिकों को मोबाइल के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. के. दास के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ। इसमें विद्यालय के समन्वयक अहमद अली और प्रबंधक इनाम अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका कश्फी परवीन, रितु वर्मा, परमजीत सर एवं सोनू श्रवण कुजूर का विशेष योगदान रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल के माध्यम से संदेश दिया कि मोबाइल हमारी सुविधा का साधन है, न कि हमारी जिंदगी का केंद्र। तकनीक का सही और संतुलित उपयोग ही बेहतर भविष्य की कुंजी है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।