मुंबई,
भारत में पेशेवर स्क्वैश के बढ़ते कद को नई ऊंचाई देने
के उद्देश्य से इंडियन ओपन के 2026 संस्करण की तिथियों की घोषणा कर दी गई
है। टूर्नामेंट 18 से 22 मार्च तक मुंबई के ऐतिहासिक सीसीआई ब्रेबोर्न
स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
पिछले वर्ष प्रतिष्ठित बॉम्बे
जिमखाना में सफल आयोजन के बाद अब प्रतियोगिता अपने दूसरे संस्करण के लिए
ब्रेबोर्न स्टेडियम में स्थानांतरित हो रही है। प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन
(पीएसए) द्वारा मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट का 2025 संस्करण वर्ष के
शीर्ष 10 प्रतिष्ठित पीएसए आयोजनों में शामिल रहा था, जो भारतीय स्क्वैश के
लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी गई।
2026 संस्करण में महिला वर्ग
की गत चैंपियन अनाहत सिंह खिताब बचाने के इरादे से वापसी करेंगी। इसके
अलावा भारत के शीर्ष पेशेवर खिलाड़ी रमित टंडन, अभय सिंह, वीर चोत्रानी,
वेलावन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में याह्या एलनवासानी, हाना मोआताज़ और माज़ेन
हेशाम सहित अन्य खिलाड़ी शामिल होंगे, जिससे मुकाबले का स्तर बेहद
प्रतिस्पर्धी रहने की उम्मीद है।
इस वर्ष पुरुष और महिला दोनों
वर्गों में 44,500 अमेरिकी डॉलर की समान पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो भारत
में आयोजित किसी भी स्क्वैश टूर्नामेंट के लिए पहली बार है। पीएसए कॉपर
श्रेणी के इस आयोजन से पेशेवर स्क्वैश सर्किट में इसकी बढ़ती प्रतिष्ठा
स्पष्ट होती है।
दिव्यांशु सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी,
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने कहा कि पिछले संस्करण को मिली शानदार प्रतिक्रिया
से वे बेहद संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि 2028 में लॉस एंजेलिस ओलंपिक
खेलों में स्क्वैश के पदार्पण के साथ भारत में इस खेल के लिए यह निर्णायक
समय है। ऐसे मंच खिलाड़ियों को घरेलू सरजमीं पर विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा
का अनुभव देते हैं।
इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट की अध्यक्ष
मनीषा मल्होत्रा ने कहा कि यह टूर्नामेंट उभरते खिलाड़ियों के लिए शीर्ष
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का महत्वपूर्ण अवसर बन
चुका है।
स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव साइरस पोंचा
ने कहा कि जेएसडब्ल्यू इंडियन ओपन तेजी से पीएसए कैलेंडर का अहम हिस्सा
बनता जा रहा है और इससे भारत में स्क्वैश की लोकप्रियता बढ़ रही है।
टूर्नामेंट
के क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले फुल ग्लास कोर्ट पर खेले
जाएंगे, जिसे एरीना शैली के स्क्वैश थिएटर में बदला जाएगा, ताकि दर्शकों को
नजदीक से रोमांचक मुकाबलों का अनुभव मिल सके।
बड़ी पुरस्कार राशि,
विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की मौजूदगी और आधुनिक आयोजन के साथ इंडियन ओपन 2026
भारत को वैश्विक स्क्वैश मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के लिए तैयार
है।
सीसीआई ब्रेबोर्न स्टेडियम 18 से 22 मार्च तक करेगा इंडियन ओपन स्क्वैश की मेजबानी




