BREAKING NEWS

logo

होम एडवांटेज पर भारत की नजर, डेविस कप क्वालीफायर्स में नीदरलैंड्स से होगी टक्कर


पहले मुकाबले में सुमित नागल का सामना गाइ डेन ओउडेन से होगा

बेंगलुरु,  भारतीय टीम 2026 डेविस कप क्वालीफायर्स राउंड-1 में अपने अभियान की शुरुआत घरेलू दर्शकों के सामने करेगी। बेंगलुरु के एसएम कृष्णा टेनिस स्टेडियम में 7 फरवरी को होने वाले मुकाबले में भारत के शीर्ष खिलाड़ी सुमित नागल का सामना नीदरलैंड्स के गाइ डेन ओउडेन से होगा।

दोनों देशों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड फिलहाल 2-2 से बराबर है। ऐसे में कप्तान रोहित राजपाल के नेतृत्व में भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाकर डच टीम के खिलाफ बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी। पहले दिन सुमित नागल और गाइ डेन ओउडेन के मुकाबले के बाद दूसरा एकल मैच धक्षिणेश्वर सुरेश और जेस्पर डे जोंग के बीच खेला जाएगा, जिससे पहले दिन की कार्रवाई समाप्त होगी।

होम कंडीशंस को दबाव की बजाय फायदा बताते हुए सुमित नागल ने कहा कि होम एडवांटेज हर खेल में होता है। टेनिस में जब मैंने ओलंपिक खेला था, तब 7,000 फ्रेंच दर्शकों के सामने मेरे समर्थन में सिर्फ पांच लोग थे। उन्होंने आगे कहा कि जब आप तीन से चार घंटे तक ऐसे माहौल में खेलते हैं, तो इसका बड़ा असर पड़ता है। हमें उम्मीद है कि कल नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों को भी ऐसा ही अनुभव होगा और हम इसका पूरा फायदा उठा सकेंगे।

दूसरे दिन मुकाबले का आकर्षण पुरुष युगल मैच रहेगा, जिसमें भारत की जोड़ी एन. श्रीराम बालाजी और युकी भांबरी का सामना सैंडर एरेंड्स और डेविड पेल से होगा। इसके बाद शेष दो एकल मुकाबले खेले जाएंगे, जहां सुमित नागल जेस्पर डे जोंग से भिड़ेंगे, जबकि धक्षिणेश्वर सुरेश का सामना गाइ डेन ओउडेन से होगा।

टीम प्रयास पर जोर देते हुए धक्षिणेश्वर सुरेश ने कहा कि यह पूरी तरह से टीम एफर्ट है। कोर्ट के अंदर और बाहर सभी बराबर मेहनत कर रहे हैं, साथ ही स्टेडियम और घर से समर्थन करने वाले दर्शक भी अहम भूमिका निभाते हैं। यहां कोई एक खिलाड़ी पूरी टीम को अकेले आगे नहीं बढ़ाता।

ड्रॉ की एक बड़ी खासियत पुरुष युगल जोड़ी में बदलाव रहा, जहां रित्विक चौधरी की जगह एन. श्रीराम बालाजी को शामिल किया गया।

इस फैसले पर कप्तान रोहित राजपाल ने कहा कि हमें लगा कि बालाजी लगातार टूर्नामेंट खेल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में बहरीन में खेला और अच्छा प्रदर्शन किया, फिर सीधे यहां आए। रित्विक भी शानदार खेल रहे हैं, इसलिए यह फैसला लेना आसान नहीं था।

भारतीय टीम अब घरेलू समर्थन के सहारे नीदरलैंड्स के खिलाफ मजबूत शुरुआत करने के इरादे से कोर्ट पर उतरेगी।