BREAKING NEWS

logo

भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्रनाथ राय ने मंदिर में पूजा कर मांगा जीत का आशीर्वाद


दक्षिण दिनाजपुर, 18 मार्च । पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में गंगारामपुर विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार और वर्तमान विधायक सत्येंद्रनाथ राय ने बुधवार को अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने सुबह नया बाजार स्थित निरशानी काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ एक भव्य रैली निकालकर इलाके में शक्ति प्रदर्शन भी किया।

मंदिर में विशेष पूजा के बाद सत्येंद्रनाथ राय ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर जनसंपर्क किया और समर्थन की अपील की। इसके बाद उन्होंने नया बाजार और आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों के आधार पर उन्हें जनता से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और वह जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।